जीरो जोन बना अतिक्रमण का अड्डा! एम्स के पास फूटा जनता का गुस्सा, नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन


ऋषिकेश।
ऋषिकेश में एम्स के पास शिवाजी नगर तिराहे पर जीरो जोन के नियमों की धज्जियां उड़ने से स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। आज स्थानीय लोगों ने शिवाजी नगर के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाजसेवी संतोष पांडे और कृष्णा नेगी के नेतृत्व में जुटे प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कर शिवाजी नगर तिराहे को जीरो जोन तो घोषित तो कर दिया, लेकिन अधिकारी नियम का पालन कराना भूल गए। बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस और नगर निगम इस क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने में पूरी तरह नाकाम दिखाई दे रहे हैं। तिराहे पर अतिक्रमण के चलते जनता का पैदल चलना दूभर हो गया है। सबसे चिंताजनक स्थिति एम्स में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की है। अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम के कारण एंबुलेंस की गति धीमी हो रही है, जिससे गंभीर मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। एम्स परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद अतिक्रमणकारियों में न तो पुलिस का डर है और न ही नगर निगम की कार्रवाई का भय है।



