Blog

सुरों से सजा ‘सुर सरिता’ का मंच, अग्नि हाउस ने जीती संगीत प्रतियोगिता

स्वर्गीय चेयरमैन दीपक सरन की स्मृति में हुई इंटर-हाउस प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

ऋषिकेश।

खदरी श्यामपुर स्थित हैप्पी होम मॉन्टेसरी स्कूल में विद्यालय के स्वर्गीय चेयरमैन दीपक सरन की पुण्य स्मृति में ‘सुर सरिता’ इंटर-हाउस संगीत प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों ने संगीत, संस्कार और संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां देकर स्वर्गीय दीपक सरन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रतियोगिता में पृथ्वी, अग्नि, ध्रुव और विक्रांत हाउस के विद्यार्थियों ने सुर, ताल और लय का शानदार समन्वय प्रस्तुत किया। संगीत प्रस्तुतियों के बीच नृत्य कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोहा। नन्हीं प्रतिभागी पारुषि सरन की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के कलाकार और मोहन वीणा वादक रवि कुमार तथा संगीत शिक्षिका पंकज जोशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संगीत के प्रति रुचि, आत्मविश्वास, अनुशासन और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव बढ़ाते हैं।

प्रतियोगिता में अग्नि हाउस ने प्रथम, विक्रांत हाउस ने द्वितीय और पृथ्वी हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ध्रुव हाउस को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विजेता टीमों को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये की पुरस्कार राशि व ट्रॉफी तथा ध्रुव हाउस को 1100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का समापन डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार जताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!