हेमकुण्ड साहिब में एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
श्रद्धालुओं से लिया यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक कठिन ड्यूटी कर रहे जवानों का बढ़ाया हौसला


चमोली।
यात्रा के दूसरे चरण में श्री हेमकुण्ड साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुण्ड साहिब एवं घांघरिया में सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब में मत्था टेककर जनपद की सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की तथा गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट के सदस्यों से यात्रा के अंतिम चरण की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में पूजा-अर्चना कर मुख्य पुजारी आचार्य मनीष से यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसपी ने श्रद्धालुओं से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था, सुविधाओं और यात्रा के दौरान आ रही परेशानियों का फीडबैक भी लिया।
एसपी ने चौकी घांघरिया का निरीक्षण कर कार्यालय, बैरक, मैस और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी और एसडीआरएफ जवानों के साथ सम्मेलन कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा 10 अक्टूबर को कपाट बंद होने और संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ से आपदा राहत-बचाव तैयारियों की जानकारी लेते हुए आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ रात्रि भोजन कर उनका उत्साहवर्धन किया और उपहार भी वितरित किए।
इस वर्ष 23 मई को कपाट खुलने के बाद अब तक 3 लाख 65 हजार श्रद्धालु श्री हेमकुण्ड साहिब पहुंच चुके हैं। एसपी ने यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों और सफाई व्यवस्था के साथ हेली सेवा संचालन की भी जानकारी ली। चमोली पुलिस द्वारा बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।



