चंद्रभागा नदी में खेलते समय बह गई 10 वर्षीय बच्ची, स्थानीय लोगों ने बचाया
ट्रैफिक कांस्टेबल और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत-बचाव अभियान, उपचार के बाद बच्ची खतरे से बाहर


मुनिकीरेती।
चंद्रभागा नदी किनारे खेल रही 10 वर्षीय बच्ची अचानक नदी की तेज धारा की चपेट में आकर बह गई। घटना गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे की बताई गई। बच्ची की पहचान पायल, पुत्री मुन्ना शर्मा, निवासी हाल किराएदार अशोक राजभर, पुरानी पानी की टंकी के पास ढलवाला, थाना मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद ट्रैफिक कांस्टेबल जयनारायण और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे तत्काल सरकारी अस्पताल ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। राहत की बात यह रही कि बच्ची अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद बच्ची के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक कांस्टेबल जयनारायण की तत्परता और साहस की सराहना की। चंद्रभागा नदी में बरसात के दौरान तेज बहाव को देखते हुए लोगों से नदी के आसपास बच्चों को अकेला न छोड़ने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। समय रहते हुए चलाए गए राहत-बचाव अभियान से बच्ची की जान बच सकी।



