चन्द्रेश्वर नगर में 40वां विश्वकर्मा पूजन समारोह धूमधाम से संपन्न
भक्ति गीतों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना


ऋषिकेश।
चन्द्रेश्वर नगर में 40वां भव्य विश्वकर्मा पूजन समारोह श्रद्धा, उल्लास एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर क्षेत्र, समाज एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। इस दौरान प्रख्यात गायिका सोना सिंह, काव्या कुलमूर्ति एवं गायक मुकुल ने भक्ति एवं सांस्कृतिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते-थिरकते रहे और आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल एवं नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने शिरकत कर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। अतिथियों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा भारतीय शिल्प, निर्माण एवं तकनीकी परंपरा के प्रतीक हैं। उनके आदर्श मेहनत, कौशल, लगन और ईमानदारी के साथ कर्म करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा पूजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रम और हुनर के सम्मान का भी अवसर है।
समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष लाल बाबू महतो, सुजीत यादव, चन्द्रेश्वर यादव, अनिल कुशवाहा, गगन राम, विक्की शाह, यश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



