Blog

शिक्षा जगत ने दी पूर्व प्रधानाचार्य राजे सिंह नेगी को भावभीनी श्रद्धांजलि

पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में तेरहवीं पर शिक्षकों, सामाजिक संगठनों व गणमान्य लोगों ने किया नमन

पौड़ी गढ़वाल।

पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत के पूर्व प्रधानाचार्य एवं अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के भीष्म पितामह कहे जाने वाले राजे सिंह नेगी के निधन पर शिक्षा जगत, विद्यालय परिवार एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी तेरहवीं के अवसर पर उनके पैतृक गांव रणस्वा तथा पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए इसे शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताया। वक्ताओं ने कहा कि राजे सिंह नेगी ने 18 सितंबर 1991 से 28 फरवरी 2014 तक 22 वर्षों से अधिक समय तक प्रधानाचार्य के रूप में कार्य करते हुए पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत को शैक्षणिक उत्कृष्टता और भौतिक संसाधनों के मामले में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि राजे सिंह नेगी शिक्षा विभाग के अधिनियमों एवं नियमों के गहन जानकार, प्रखर वक्ता, कुशल रणनीतिकार और शिक्षकों के हितों के सजग प्रहरी थे। अविभाजित उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने शिक्षकों की सेवा शर्तों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राज्यपाल पुरस्कार, तरुश्री सम्मान, स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य स्तरीय पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया था।

श्रद्धांजलि सभा मे प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी, पूर्व प्रधानाचार्य मनवर लाल भारती, प्रधानाचार्य दिनेश राणा, प्रधानाचार्य दीनदयाल भारद्वाज सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!