कांवड़ मेले में बिछड़ी तीन वर्षीय मासूम को टिहरी पुलिस ने परिजनों से मिलाया
जानकी सेतु खोया-पाया केंद्र की तत्परता लाई रंग, भिवानी निवासी दंपति ने जताया पुलिस का आभार


मुनिकीरेती।
कांवड़ मेला-2026 के दौरान टिहरी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिजनों से बिछड़ी तीन वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता से मिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में संचालित खोया-पाया केंद्र, जानकी सेतु की त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों का पता लगाया गया।
पुलिस के अनुसार, मेले के दौरान बच्ची अपने परिवार से बिछड़ गई थी और अपना नाम व पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी। इसके बावजूद पुलिस टीम ने सार्वजनिक उद्घोषणा, खोया-पाया तंत्र एवं अन्य माध्यमों से लगातार प्रयास कर बच्ची के माता-पिता, निवासी भिवानी (हरियाणा) का पता लगाया। आवश्यक सत्यापन के बाद बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने टिहरी पुलिस की तत्परता और सेवा-भाव की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी के बिछड़ने पर तुरंत निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या खोया-पाया केंद्र से संपर्क करें।



