नवजात का पहला प्राकृतिक टीका है कोलोस्ट्रम : डॉ. सनोबर
विश्व स्तनपान सप्ताह पर हिम्स जौलीग्रांट में जागरूकता कार्यक्रम


डोईवाला।
विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत हिम्स जौलीग्रांट में माताओं एवं परिजनों को स्तनपान के महत्व की जानकारी दी गई। बाल रोग विभाग के डॉ. आशीष सिमल्टी व डॉ. राकेश कुमार ने सफल स्तनपान में परिवार, विशेषकर पिता की भूमिका पर जोर दिया। डॉ. अनिल रावत व डॉ. ज्योति वालिया ने गर्भवती महिलाओं को स्तनपान के स्वास्थ्य लाभ बताए।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सनोबर वसीम ने कहा कि जन्म के तुरंत बाद निकलने वाला कोलोस्ट्रम नवजात का पहला प्राकृतिक टीका है। उन्होंने पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध पिलाने की सलाह दी। इससे बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और संक्रमण का खतरा कम होता है। अस्पताल में 1 से 7 अगस्त तक ओपीडी व विभिन्न वार्डों में माताओं एवं परिजनों को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर स्तनपान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माताओं की स्तनपान से जुड़ी जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों ने समाधान किया। विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत पोस्टर प्रतियोगिता में प्रिया बिष्ट प्रथम, तरुणा द्वितीय और आइरीन जॉन तृतीय रहीं। एमबीबीएस विद्यार्थियों की प्रश्नोत्तरी में अनन्या प्रथम, जाह्नवी द्वितीय और हरलीन तृतीय स्थान पर रहीं।



