बारिश में बच्चों की राह आसान करेगा रोटरी का रेनकोट अभियान
रोटरी क्लब ऋषिकेश ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित किए रेनकोट


ऋषिकेश।
वर्षा ऋतु में विद्यार्थियों की सुविधा और नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऋषिकेश ने पब्लिक इमेज एवेन्यू के तहत रेनकोट वितरण अभियान शुरू किया। अभियान के प्रथम चरण में दो विद्यालयों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को रेनकोट वितरित किए गए। रेनकोट पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय शिवाजी नगर की प्रधानाचार्या शकुंतला शर्मा ने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा और उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
क्लब अध्यक्ष रो एम.एस. बिष्ट ने कहा कि रोटरी जरूरतमंद वर्गों के लिए निरंतर सेवा कार्य करता रहेगा। उन्होंने बताया कि यह सेवा परियोजना रो डॉ. राजेश अग्रवाल द्वारा प्रस्तावित एवं प्रायोजित की गई है, जिसका उद्देश्य बारिश के दौरान बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना और उनकी पढ़ाई में व्यवधान रोकना है।
इस अवसर पर रो सीए प्रतीक अग्रवाल, रो लक्ष्मण सिंह चौहान, रो अरुण शर्मा, रो भारत शर्मा एवं रो राजीव गर्ग सहित क्लब सदस्य मौजूद रहे।



