सम्मान सेतु ने बदली तस्वीर, 95% तक बंद कराए नशे के ठिकाने
चार दिवसीय अभियान में 7200 किट वितरित, 489 लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं और 578 को नि:शुल्क कानूनी परामर्श; 124 लोगों को साइबर अपराधों पर मिला मार्गदर्शन


ऋषिकेश।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से चलाए गए सम्मान सेतु अभियान के सफल आयोजन के बाद आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पत्रकार वार्ता की। जिसमे उन्होंने सम्मान सेतु अभियान की चार दिवसीय उपलब्धियों को बताया। कहा कि ऋषिकेश में इस चार दिवसीय बहुउद्देश्यीय शिविर का सफल संचालन आयोग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अभियान के दौरान कांवड़ उठाकर आई महिलाओं, छात्राओं को कानूनी व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई। एम्स के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों के साथ आयोग की टीम ने विचार-विमर्श किया और उन्हें महिला सुरक्षा के साथ कानूनी अधिकारों से जुड़ी पुस्तकें वितरित कीं। नशे और नशे की लत में फंस रहे युवाओं को बचाने के लिए पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया गया। इससे पहले ऋषिकेश में 4 महिला मंगल दलों का गठन किया गया है। जिनकी मदद से कई नशे के ठिकानों को 95% तक बंद कराने में सफलता मिली है। शिविर में 7200 किट वितरित की गईं। 489 लोगों को मेडिकल सुविधाएं दी गईं। 578 लोगों को नि:शुल्क कानूनी परामर्श दिया गया। 26 मामलों की मौके पर काउंसलिंग की गई। 124 लोगों को साइबर अपराधों से जुड़ी समस्याओं पर मार्गदर्शन और समाधान प्रदान किया गया।



