250 फीट नहीं, 250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 की मौत
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के पास हादसा; परिवार को घुमाने ले जा रहा था अफजाल, 3 वर्षीय मासूम समेत पांच ने मौके पर तोड़ा दम, एक बच्चा गंभीर


देवप्रयाग।
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। कुंडधार के पास एक अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी है। हादसे में वाहन में सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच में सामने आया कि बोलेरो में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है। जिनकी पहचान वाहन चालक 49 वर्षीय अफजाल, 40 वर्षीय शब्बो पत्नी अफजाल, 14 वर्षीय शादाब पुत्र अफजाल, 3 वर्षीय अन्नाविया पुत्री अफजाल, 34 वर्षीयगुफरान पुत्र अकबर के रूप में हुई है। यह सभी जीतपुर कोतवाली लक्सर जिला हरिद्वार के रहने वाले थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बालक अरमान पुत्र अफजल को एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने खाई से बाहर निकाला। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल, श्रीनगर भेजा गया है। एसएसपी पौड़ी के मुताबिक मृतक अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का काम करता था। वह स्वयं गाड़ी चलाकर अपने परिवार को घुमाने के लिए लक्सर से पौड़ी की ओर ला रहा था, तभी रास्ते में कुंडधार के पास यह दुखद हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम व अन्य आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। घटना की खबर से मृतकों के गांव रायपुर जीतपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।



