नीलकंठ कांवड़ यात्रा में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले जवान सम्मानित


नीलकंठ।
नीलकंठ कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस विभाग की ओर से समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें यात्रा के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय ड्यूटी निभाने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, होमगार्ड, पीआरडी, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने कहा कि जवानों ने लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और सेवाभाव से निभाई। उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 100 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही भर्ती आरक्षियों, होमगार्ड, पीआरडी, एसडीआरएफ और अर्धसैनिक बलों के योगदान की भी सराहना की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार, तपेश कुमार, अस्मिता मंमगाई, अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती सहित जोनल एवं सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे।



