एम्स में बड़ी चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का सम्मान, 50 लाख के आभूषण बरामद


ऋषिकेश।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश प्रशासन ने कोतवाली पुलिस की टीम को उनकी उत्कृष्ट और सराहनीय कार्रवाई के लिए सम्मानित किया। सम्मान पाकर पुलिस टीम खुश और गदगद नजर आई। पुलिस का कहना है कि इस सम्मान ने शहर की सुरक्षा के लिए उनकी जिम्मेदारियों को और ज्यादा बढ़ा दिया है। बता दे कि 19 जुलाई को एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। पुलिस ने त्वरित और गहन विवेचना करते हुए चोरी का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर 50 लाख के आभूषण बरामद किए। पुलिस की इस तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए 15 अगस्त को एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रोफेसर मीनू सिंह और एम्स प्रशासन ने पुलिस टीम का नागरिक अभिनंदन व सम्मान किया। इस दौरान प्रोफेसर मीनू सिंह ने कहा कि ऋषिकेश पुलिस ने जिस तेजी और कुशलता से इतनी बड़ी चोरी का खुलासा कर शत-प्रतिशत बरामदगी की है, वह अत्यंत प्रशंसा योग्य है।



