बस अड्डे से चोरी कार बरामद, नशे की लत ने बनाया चोर; आरोपी सागर थापा गिरफ्तार


ऋषिकेश।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बस अड्डे के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र से चोरी हुई कार को बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुकदमे के आधार पर न्यायालय में पेश किया। जहां कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी नशे का आदी है और उसने नशीला पदार्थ खरीदने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले का खुलासा करते हुए कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट और एसएसआई नवीन जोशी ने बताया कि बीते 6 अगस्त को ढालवाला निवासी सुनील पोखरियाल की कार बस अड्डे के पास पार्किंग क्षेत्र से चोरी हो गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया। 14 अगस्त की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गाड़ी IDPL क्षेत्र के खाली मैदान के पास खड़ी है और आरोपी उसे कहीं और ले जाने की फिराक में है। सूचना पर उप-निरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल बिजेंद्र पुंडीर और कांस्टेबल सुंदर की टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेरकर चालक को दबोच लिया। आरोपी की पहचान सागर थापा निवासी नवोदय नगर हरिद्वार के रूप में हुई है। जांच करने पर कार के आगे-पीछे की नंबर प्लेट गायब पाई गईं।



