Blog

आईसीएमआर की राष्ट्रीय संक्रमण नियंत्रण परियोजना में चुना गया हिम्स जौलीग्रांट

देश के 16 चयनित संस्थानों में मिला क्षेत्रीय केंद्र का जिम्मा, अस्पतालों को संक्रमण नियंत्रण के लिए देगा तकनीकी सहयोग

डोईवाला।

हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स), जौलीग्रांट को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की राष्ट्रीय संक्रमण नियंत्रण परियोजना के लिए चयनित किया गया है। देशभर के 16 चयनित संस्थानों में हिम्स को क्षेत्रीय केंद्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। परियोजना का उद्देश्य अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े संक्रमणों की रोकथाम, निगरानी और प्रबंधन को मजबूत करना है।

हिम्स की अस्पताल संक्रमण नियंत्रण समिति की अध्यक्ष डॉ. गरिमा मित्तल ने बताया कि यह चयन संक्रमण नियंत्रण के क्षेत्र में संस्थान की विशेषज्ञता और व्यवस्थाओं की राष्ट्रीय पहचान है। परियोजना के तहत हिम्स जिला अस्पतालों, निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और अन्य पात्र स्वास्थ्य संस्थानों को संक्रमण की रोकथाम, निगरानी, प्रयोगशाला जांच, संक्रमण के प्रकोप की जांच तथा रोगाणुरोधी दवाओं के उचित उपयोग के लिए प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग देगा। यह पहल प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल पर संचालित होगी।

राष्ट्रीय स्तर पर परियोजना के तहत 500 स्वास्थ्य संस्थानों, जिनमें 100 जिला अस्पताल और 400 निजी अस्पताल शामिल हैं, की संक्रमण नियंत्रण क्षमता मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। दो वर्ष की इस परियोजना से संक्रमण की समय पर पहचान और रोकथाम के साथ महामारी से निपटने की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी। परियोजना का नेतृत्व डॉ. गरिमा मित्तल कर रही हैं, जबकि डॉ. हेम चंद्र पांडे, डॉ. सोएब अहमद, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. अर्पणा सिंह, डॉ. निक्कू यादव, डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. दिव्या अंथवाल और श्वेता सामंत सह-अन्वेषक के रूप में जुड़े हैं। डॉ. ए.के. देवरारी, डॉ. बिंदु डे और डॉ. किरण काटोच मार्गदर्शन देंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!