Blog

43.570 किलो डोडा पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

घनसाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स कार भी जब्त

नई टिहरी।

जनपद टिहरी गढ़वाल में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घनसाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 किलो 570 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स कार को भी जब्त कर लिया है।

एसएसपी टिहरी श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 22 अगस्त को थाना घनसाली पुलिस टीम प्रातःकालीन गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इस दौरान घुमेटीधार क्षेत्र में वाहन संख्या HR51BG9762 ईको स्पोर्ट्स कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे छह प्लास्टिक कट्टों से कुल 43.570 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से संदीप उर्फ संजू पुत्र ओमप्रकाश निवासी नरवाना, जिला जींद (हरियाणा) तथा रघुवीर सिंह पुत्र सरदार सिंह निवासी शास्त्री नगर, नरवाना, जिला जींद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना घनसाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अनिल भट्ट, अपर उप निरीक्षक भास्कर, हेड कांस्टेबल मनीष कंडारी, कांस्टेबल अरविंद कुमार तथा होमगार्ड रोहित कुमार शामिल रहे।

टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए सघन चेकिंग एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!