चरस तस्करों पर फिर चला अमित कुमार का शिकंजा, 559 ग्राम चरस के साथ दो गिरफ्तार
आईडीपीएल में कार्रवाई, अपाचे बाइक से चरस ले जा रहे थे आरोपी,


नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई से तस्करों में बढ़ी बेचैनी
ऋषिकेश।
ऋषिकेश में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में उप निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक बार फिर चरस तस्करों पर शिकंजा कसते हुए 559 ग्राम अवैध चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईडीपीएल गोलचक्कर क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। अमित कुमार की अगुवाई में इससे पहले भी नशे के खिलाफ कई प्रभावी कार्रवाइयां सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को उप निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में टीम आईडीपीएल गोलचक्कर पर गश्त एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK14H4281 पर सवार धनवीर चंद रमोला निवासी प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल तथा विकास भट्ट निवासी लक्कड़घाट विस्थापित, ऋषिकेश को रोककर तलाशी ली गई। धनवीर के कब्जे से 308 ग्राम और विकास के कब्जे से 251 ग्राम, कुल 559 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चरस को ऋषिकेश क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की बात बताई। दोनों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौहान और कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में मैदानी स्तर पर लगातार सक्रिय पुलिस टीम तस्करों तक पहुंचने में जुटी है।



