मानसून में सफाई को लेकर पालिका सख्त, चार चालान कर वसूला ₹1,200 जुर्माना


मुनिकीरेती।
मानसून सीजन में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने सख्ती शुरू कर दी है। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देश पर रामझूला, ढालवाला और आस्था पथ क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान गंदगी पाए जाने पर चार चालान कर कुल 1,200 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
पालिका प्रशासन ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने तथा दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मानसून के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर निरीक्षण और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नगर को स्वच्छ एवं गंदगी मुक्त रखने के लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है।



