Blog

संस्कृत संरक्षण से मजबूत होगी सांस्कृतिक विरासत : गौरव चौधरी

भोगपुर महोत्सव में संस्कृत को आम बोलचाल की भाषा बनाने पर जोर

डोईवाला।

उत्तराखंड संस्कृत अकादमी एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में डोईवाला विकासखंड के ग्राम भोगपुर स्थित आदर्श संस्कृत ग्राम में संस्कृत सप्ताह महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन और इसे आम बोलचाल की भाषा के रूप में बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति, संस्कार और ज्ञान-विज्ञान की आधारशिला है। भोगपुर को आदर्श संस्कृत ग्राम के रूप में विकसित कर घर-घर तक संस्कृत को बोलचाल की भाषा के रूप में पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति और विरासत से जोड़ने के लिए संस्कृत के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना जरूरी है।

सहायक निदेशक डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने कहा कि संस्कृत भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसे केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर व्यवहारिक जीवन और आम बोलचाल से जोड़ना आवश्यक है। इस अवसर पर संयोजक अरुणदीप पंत, क्षेत्र पंचायत सदस्य संजीव नेगी, ग्राम प्रधान एवं संरक्षक चांद खान, जिला पंचायत सदस्य रश्मि मिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र रावत, प्रधान दीपक रावत, पूर्णानंद तिवाड़ी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!