रक्त से लिखी पुरानी पेंशन बहाली की पुकार, कर्मचारियों ने किया रक्तदान
देहरादून में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, मुख्यमंत्री को सौंपा रक्त से लिखा मांगपत्र


देहरादून।
पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, जनपद देहरादून की ओर से भारतीय सैन्य अकादमी रक्त बैंक, बल्लूपुर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कर्मचारियों द्वारा अपने रक्त से लिखा गया मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र रहा। मुख्यमंत्री के समन्वयक दलबीर दानू के माध्यम से यह रक्त लिखित मांगपत्र मुख्यमंत्री तक प्रेषित किया गया।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कहा कि कर्मचारियों ने रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा के साथ अपने सुरक्षित भविष्य की आवाज भी सरकार तक पहुंचाई है। जनपद अध्यक्ष अवधेश सेमवाल ने कहा कि शिविर में कर्मचारियों की बड़ी भागीदारी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर एकजुटता को दर्शाती है। महामंत्री अभिषेक नवानी ने कहा कि कर्मचारियों ने सामाजिक दायित्व निभाने के साथ अपनी मांग को अनूठे तरीके से सरकार तक पहुंचाया है। महिला उपाध्यक्ष प्रीति पंत एवं महिला संयुक्त सचिव रीतू कोठारी ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों का विषय नहीं, बल्कि उनके परिवारों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा है।
कोषाध्यक्ष हिमांशु रावत, प्रदेश संगठन मंत्री शुभम चौधरी, समन्वयक आलोक जोशी, वरिष्ठ सलाहकार हरीश पांडेय, मिनिस्टीरियल फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा, जिला महामंत्री सुभाष रतूड़ी, प्रभारी विक्रम रावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने सरकार से पुरानी पेंशन योजना शीघ्र बहाल करने की मांग की। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी एवं महामंत्री सीताराम पोखरियाल ने आयोजन के लिए जिला कार्यकारिणी का आभार जताया।
कार्यक्रम में पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री संजय भास्कर, जिला अध्यक्ष आशीष जोशी, परीक्षित नगर, प्रेम रावत, राजीव उनियाल, केदार फर्स्वाण, प्रवीण पंवार, आलोक उनियाल, लक्ष्मी कठैत सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।



