चंबा पुलिस ने लौटाया महिला का खोया पर्स, मंगलसूत्र व नगदी सुरक्षित
पर्स में करीब 80 हजार रुपये का सोने का मंगलसूत्र, पांच हजार की नगदी और जरूरी दस्तावेज थे मौजूद


चंबा/टिहरी।
चंबा बाजार में खोया महिला का पर्स टिहरी पुलिस की तत्परता से बरामद कर सकुशल उसके सुपुर्द कर दिया गया। पर्स में करीब 80 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र, पांच हजार रुपये की नगदी, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
जानकारी के अनुसार ग्राम शिउल, चंबा निवासी आरती देवी पत्नी चमन सिंह 16 सितंबर को चंबा बाजार आई थीं। इसी दौरान उनका भूरे रंग का पर्स कहीं गिर गया। पर्स खोने की सूचना उन्होंने तत्काल कोतवाली चंबा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बाजार में पर्स की तलाश शुरू कर दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद पर्स एक दुकान के पास गिरा हुआ बरामद हो गया। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने पर्स उसकी स्वामिनी आरती देवी को सौंप दिया। पर्स में रखा मंगलसूत्र, पांच हजार रुपये की नगदी, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र व अन्य दस्तावेज पूरी तरह सुरक्षित मिले।
खोया सामान वापस मिलने पर महिला ने चंबा पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को टिहरी पुलिस की संवेदनशील एवं मानवीय पुलिसिंग का उदाहरण बताया गया।



