Blog

पुजाल्डी में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध

उल्लंघन पर 2100 रुपये जुर्माना और सामाजिक कार्रवाई ग्रामीणों ने नशामुक्त गांव बनाने का लिया संकल्प

टिहरी गढ़वाल।

ग्राम पंचायत पुजाल्डी में अब शादी-ब्याह, जन्मदिन और अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब और बीयर पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोमवार को ग्राम प्रधान श्रीमता देवी की अध्यक्षता में हुई ग्रामीणों की सामूहिक बैठक में सर्वसम्मति से गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। नियम का उल्लंघन करने पर 2100 रुपये जुर्माने के साथ सामाजिक कार्रवाई का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि शराब के बढ़ते चलन से परिवार और सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है, इसलिए सामाजिक आयोजनों को भी नशामुक्त रखने की जरूरत है।

नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम समाज सुधार समिति का गठन किया गया। विनीता देवी को अध्यक्ष, सरिता देवी को उपाध्यक्ष, सुमित्रा देवी को सचिव और सेजल को सह-सचिव बनाया गया, जबकि ममता देवी, कमला देवी, संध्या देवी, लक्ष्मी देवी, भगवती प्रसाद, मनोहरी लाल और पप्पू राम को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई। ग्राम प्रधान श्रीमता देवी ने कहा कि यह निर्णय किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे गांव की सहमति से लिया गया है और इसका उद्देश्य पुजाल्डी को नशामुक्त व सामाजिक रूप से आदर्श ग्राम बनाना है। शराब नहीं संस्कार मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने निर्णय का स्वागत करते हुए जनभागीदारी को नशामुक्त समाज के लिए जरूरी बताया। जगदीश बडोनी और लक्ष्मी बहुगुणा ने ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!