कूड़ा प्लांट को लेकर गुमानीवाला में तनातनी, महापौर ने बताई योजना
125 बीघा में महज 12-13 बीघा में प्लांट व शेड, शेष भूमि पर विकसित होगी ग्रीन बेल्ट : शंभू पासवान


ऋषिकेश।
गुमानीवाला में नगर निगम के कूड़ा निस्तारण प्लांट को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच विवाद बना हुआ है। स्थानीय लोग प्लांट से दुर्गंध और प्रदूषण की आशंका जता रहे हैं, जबकि नगर निगम की ओर से लोगों की चिंताओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में महापौर शंभू पासवान ने प्लांट की प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
महापौर ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से लालबीट क्षेत्र में वन भूमि की 125 बीघा जमीन कूड़ा निस्तारण प्लांट के लिए स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि पूरी भूमि में से करीब 12 से 13 बीघा क्षेत्र में ही प्लांट और लगभग 10 हजार वर्गमीटर का शेड बनाया गया है। शेष करीब 112 बीघा भूमि में हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना है।
महापौर के अनुसार, शेष भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और भविष्य में दुर्गंध एवं प्रदूषण जैसी समस्याओं की आशंका को कम करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्थानीय लोगों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है।



