छोटी आदतों से बनता है जिम्मेदार नागरिक
मालदेवता के शिव जूनियर हाईस्कूल में नागरिक चेतना पर जागरूकता सत्र


मालदेवता (देहरादून)।
शिव जूनियर हाईस्कूल में कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए नागरिक चेतना विषय पर जागरूकता एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। उत्तराखंड यूथ नेटवर्क और एचईएससीओ की कार्यकर्ता हिमांशी एवं हिमांशु ने बच्चों को नागरिक जिम्मेदारियों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक व्यवहार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनने की शुरुआत छोटी-छोटी दैनिक आदतों से होती है।
सत्र में बच्चों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने, पानी-बिजली की बचत करने, विद्यालय व सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल करने, स्वच्छता बनाए रखने, बड़ों का सम्मान करने और जरूरतमंदों की सहायता करने जैसी अच्छी आदतों के महत्व की जानकारी दी गई। संवाद और व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों से उनके दैनिक जीवन के अनुभव भी साझा कराए गए।
कार्यक्रम में लिखित गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि वे नागरिक चेतना को अपने जीवन में किस प्रकार अपनाएंगे। बच्चों ने स्वच्छता, संसाधनों की बचत, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



