पितृ पक्ष में बद्रीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
ब्रह्मकपाल में पिंडदान को पहुंच रहे श्रद्धालु, इस वर्ष 19 लाख से अधिक ने किए बद्रीनाथ धाम के दर्शन


बद्रीनाथ।
चारधाम यात्रा और पितृ पक्ष के चलते श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देशभर से श्रद्धालु ब्रह्मकपाल पहुंचकर पितरों की आत्मशांति एवं मोक्ष की कामना से पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। पितृ पक्ष के दौरान अब तक करीब 1.50 लाख श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वहीं इस वर्ष धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 19 लाख के पार पहुंच गई है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, धाम क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पितृ पक्ष के दौरान वह तीन बार बद्रीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं। पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट भी मौके पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
चमोली पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तत्परता से ड्यूटी कर रहे हैं। भीड़ के बीच यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को बिना परेशानी दर्शन और ब्रह्मकपाल में पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



