Blog

घास के गट्ठर में छिपा बैठा था पांच फीट लंबा कोबरा

चारा काटते समय महिला को हुआ अहसास, सर्प मित्र डॉ. विनोद जुगलान ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

ऋषिकेश।

ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ के वार्ड नंबर दो में उस समय हड़कंप मच गया, जब चारा-कुट्टी काट रही महिला को घास में कुछ नरम महसूस हुआ। घास की पड़ताल करने पर उसमें करीब पांच फीट लंबा काला कोबरा छिपा दिखाई दिया। सांप को देखते ही महिला अनीता भट्ट की चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और सर्प मित्र एवं पर्यावरण सचेतक डॉ. विनोद प्रसाद जुगलान को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डॉ. जुगलान मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घास में छिपे कोबरा को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि यह जहरीला स्पेक्टिकल्ड कोबरा था, जिसकी लंबाई करीब पांच फीट थी। महिला खेत से घास का गट्ठर लेकर घर पहुंची थी और उसी गट्ठर में कोबरा भी छिपकर घर तक आ गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को सांप ने डसा नहीं।

सांप के रेस्क्यू होने तक भट्ट परिवार के लोग दहशत में रहे। डॉ. जुगलान ने बताया कि कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद वन क्षेत्र में ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने समय पर मौके पर पहुंचकर जहरीले सांप को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए डॉ. जुगलान का आभार जताया। मौके पर वन्यजीव प्रेमी अखिल भंडारी, विनोद असवाल, राम स्वरूप भट्ट, मुकेश भट्ट, राजीव शर्मा तथा पंचायत सदस्य भुवनेश्वरी भट्ट सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!