मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए दो छात्रों का चयन
राजकीय इंटर कॉलेज केशरधार नैचोली के आदित्य उनियाल और गणेश चौहान ने हासिल की सफलता, शिक्षकों व अभिभावकों में खुशी


गजा/टिहरी।
विकासखंड चंबा के राजकीय इंटर कॉलेज केशरधार नैचोली के दो छात्रों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए चयन हुआ है। कक्षा छह से आदित्य उनियाल और कक्षा नौ से गणेश चौहान ने चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों ने खुशी जताते हुए दोनों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्रवृत्ति योजना प्रभारी प्रवक्ता घीमन सिंह रावत ने बताया कि सभी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास और अभिभावकों के सहयोग से विद्यार्थियों को यह सफलता मिली है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद मई में कक्षा छह और नौ के विद्यार्थियों के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कक्षा छह के छात्र को छठी में 600 रुपये प्रतिमाह, सातवीं में 700 रुपये तथा आठवीं में 800 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाती है। वहीं कक्षा नौ के चयनित छात्र को नौवीं और दसवीं में 900 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति मिलती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजपाल सिंह खड़वाल और योजना प्रभारी घीमन सिंह रावत ने कहा कि दोनों छात्रों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।



