तपोवन-शिवपुरी में औषधि दुकानों का संयुक्त निरीक्षण, तीन पर बिक्री पर रोक


तपोवन।
औषधियों की गुणवत्ता एवं बिक्री व्यवस्था को लेकर औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने पुलिस विभाग के साथ तपोवन एवं शिवपुरी क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों में दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आवश्यक वैधानिक अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुल चार औषधियों के नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए लिए गए।
जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर तीन औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों में दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई तथा संबंधित के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, एक प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसके औषधि बिक्री अनुज्ञप्ति को निलंबित अथवा निरस्त करने की संस्तुति की गई है। विभाग की कार्रवाई से औषधि विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि औषधियों की बिक्री और भंडारण में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



