Blog

वन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

नवनियुक्त उप वन संरक्षकों ने पुलिस अधीक्षक से की शिष्टाचार भेंट, वन सुरक्षा व अपराध नियंत्रण पर चर्चा

चमोली।

बद्रीनाथ वन प्रभाग की नवनियुक्त उप वन संरक्षक प्रणाली रमेश तथा केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के उप वन संरक्षक रजत सुमन ने पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार से शिष्टाचार भेंट की। दोनों अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट किया। पुलिस अधीक्षक ने उनका स्वागत करते हुए नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

भेंट के दौरान वन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वन क्षेत्रों की सुरक्षा, वन अपराधों की रोकथाम, वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण तथा आपदा एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कहा कि चमोली की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और विस्तृत वन क्षेत्र को देखते हुए दोनों विभागों के बीच निरंतर संवाद और बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है।

इस दौरान वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में एक-दूसरे को तत्काल सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने जनहित, पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा से जुड़े मामलों में आवश्यकता के अनुसार संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही। नवनियुक्त अधिकारियों की यह मुलाकात दोनों विभागों के बीच समन्वय और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक शुरुआत रही।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!