Blog

अपने नहीं हैं आसपास, तो न हों निराश… बुजुर्गों के द्वार पहुंची चमोली पुलिस

पुलिस के अपनत्व से खिले चेहरे, बुजुर्गों ने दिया आशीर्वाद

चमोली।

अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कुशलक्षेम को लेकर चमोली पुलिस ने संवेदनशील पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में ऐसे बुजुर्गों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके बच्चे अथवा परिजन उनके साथ नहीं रहते। पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचकर हालचाल जानने के साथ उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं।

इसी क्रम में कोतवाली गोपेश्वर पुलिस ने क्षेत्र में रहने वाले सीनियर सिटीजन के घर पहुंचकर आत्मीयता से उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य, दैनिक जीवन से जुड़ी परेशानियों और सुरक्षा संबंधी जरूरतों की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। पुलिस के इस अपनत्व से बुजुर्ग भावुक नजर आए और उन्होंने पुलिसकर्मियों को आशीर्वाद देते हुए पहल की सराहना की।

पुलिस टीम ने बुजुर्गों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया और अनजान लोगों से बैंक अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की अपील की। साथ ही आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने की जानकारी दी गई। चमोली पुलिस की यह पहल बुजुर्गों को सुरक्षा के साथ सम्मान, अपनत्व और भरोसा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!