देवभूमि की प्रतिभाओं को स्वास्थ्य मंत्री ने किया सम्मानित
रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के देवभूमि उत्तराखंड गौरव सम्मान समारोह में उत्कृष्ट उपलब्धियों पर प्रतिभाओं को मिली सराहना


ऋषिकेश।
रोटरी ऋषिकेश क्लासिक की ओर से आयोजित देवभूमि उत्तराखंड गौरव सम्मान समारोह में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री सुबोध उनियाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली उत्तराखंड की प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा, खेल, शिक्षा, मनोरंजन और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभागियों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में यूकेपीएससी-2024 में पीसीएस चयनित मीनाक्षी भाटिया, शताक्षी शर्मा, अंजली नेगी व नैना अग्रवाल, चिकित्साधिकारी पद पर चयनित डॉ. संजय नेगी, एनसीसी में सेकेंड ऑफिसर बने राजेश चंद्रा, टीवी रियलिटी शो की फाइनलिस्ट अनुष्का बडुवाल, 15 बार इंडियन मेमोरी चैंपियन रहे प्रतीक यादव, विश्व हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित पैरा खिलाड़ी साक्षी चौहान, राष्ट्रीय रजत पदक विजेता ताइक्वांडो खिलाड़ी वैष्णवी पुंडीर तथा राष्ट्रीय जूनियर हॉकी टीम के खिलाड़ी चिराग गुप्ता शामिल रहे। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड की युवा प्रतिभाएं मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के साथ समाज में उत्कृष्ट कार्यों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन डॉ. राजे नेगी ने किया। इस अवसर पर नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, रोटरी क्लासिक संस्थापक राकेश अग्रवाल, अध्यक्ष संजय सकलानी, सचिव विजय रावत, कोषाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। रोटरी ऋषिकेश क्लासिक ने सम्मानित प्रतिभाओं और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया।



