गंगाघाट पर दीप जलाकर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ का शुभारंभ
मुनि की रेती-ढालवाला में एक माह चलेगा अभियान, स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का दिया संदेश


मुनिकीरेती।
नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ गंगाघाट पर गंगा आरती, स्वच्छता शपथ एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वान एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में आयोजित ‘एक दीप स्वच्छता के नाम’ कार्यक्रम में लोगों ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कचरे का उचित निस्तारण करने और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की शपथ ली तथा सेल्फी के माध्यम से भी स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत नागरिकों को कचरा पृथक्करण, उचित कूड़ा निस्तारण, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार के लिए जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में स्वच्छता गतिविधियों के साथ लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और गंदगी फैलाने से बचने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में पालिका के पर्यावरण पर्यवेक्षक, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान, लिपिक आकाश कैन्तुर, रोहित, सूरज समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर नागरिकों से ‘न गंदगी करेंगे, न करने देंगे’ के संकल्प के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ नगर का निर्माण केवल पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता के प्रति सामूहिक जागरूकता और निरंतर सहभागिता से ही मुनि की रेती-ढालवाला को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।



