श्री मां कात्यायनी ज्ञान करतार आश्रम में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी
बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धरकर मोहा मन, नृत्य और लेखन प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर


ऋषिकेश।
पुरानी शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती स्थित श्री मां कात्यायनी ज्ञान करतार आश्रम ट्रस्ट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित फैंसी ड्रेस, नृत्य और लेखन प्रतियोगिताओं ने समारोह को खास बना दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर पहुंचे तो पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा।
नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं, जबकि लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, मुनिकीरेती की चेयरपर्सन नीलम बिजलवान, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, महामंडलेश्वर ईश्वर दास एवं महंत लोकेश दास सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों को स्मरण करते हुए सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ट्रस्टी गुरविंदर सलूजा का विशेष योगदान रहा।



