एलपीजी सिलेंडर बुकिंग का अंतराल अब 25 दिन
नगर कांग्रेस के संघर्ष को मिली सफलता, उपभोक्ताओं ने जताई खुशी


नरेंद्रनगर।
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर बुकिंग का अंतराल समान रूप से 25 दिन निर्धारित कर दिया है। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को अब दोबारा सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंत्रालय ने 7 सितंबर 2026 को जारी निर्देश में संशोधित व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश तेल कंपनियों को दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि नरेंद्रनगर में गैस की समस्या और बुकिंग अंतराल को लेकर नगर कांग्रेस लंबे समय से उपजिलाधिकारी के माध्यम से शासन-प्रशासन को ज्ञापन देती आ रही थी। आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के बाद मंत्रालय ने ग्रामीण क्षेत्रों में लागू 45 दिन के अंतराल को समाप्त कर 25 दिन कर दिया है। नगर कांग्रेस ने इसे अपने संघर्ष की सफलता बताते हुए स्थानीय एवं जिला प्रशासन तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का आभार जताया।
उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घीड़ियाल द्वारा मामले के समाधान के लिए की गई तत्परता पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर आभार पत्र सौंपा। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, मानवेंद्र रांगण, सुनीता गुसाईं सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



