बेरोजगारी से स्वरोजगार की ओर बढ़ता कदम, प्रशिक्षण से महिलाओं के सपनों को मिली पहचान
दुवाकोटी में 32 महिलाओं को धूपबत्ती, अगरबत्ती और दीपक बनाने का दिया जा रहा प्रशिक्षण


गजा/टिहरी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं भारतीय स्टेट बैंक के सौजन्य से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत दुवाकोटी में धूपबत्ती, अगरबत्ती और दीपक बनाने का 12 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान नई टिहरी की ओर से आयोजित प्रशिक्षण का शुभारंभ मास्टर प्रशिक्षक आशा देवी, संस्थान के प्रशिक्षक संजीव नेगी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की आई.पी.आर.पी. कृष्णा चौहान, अध्यक्ष सीता चौहान एवं ग्राम प्रधान ममता चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में उन्नति ग्राम संगठन से जुड़ी 32 महिलाएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को धूपबत्ती एवं अगरबत्ती बनाने की तकनीक, कच्चे माल का चयन, सुगंधित मिश्रण तैयार करने, उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग और लागत सहित स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। साथ ही गाय के गोबर से दीपक तथा फूलों, कोयला एवं सुगंधित मिश्रण से धूपबत्ती और अगरबत्ती तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को गांव में रहते हुए ही स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की आई.पी.आर.पी. कृष्णा चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं द्वारा तैयार सामग्री को गजा स्थित 3के ऑर्गेनिक आउटलेट पर बिक्री के लिए रखा जा सकता है। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षक संजीव नेगी ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संस्थान की ओर से विभिन्न स्वरोजगार प्रशिक्षण एवं योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ममता चौहान, सीता चौहान, नीलम देवी, आशा देवी, शशि देवी सहित 32 महिलाएं मौजूद रहीं।



