बदरीनाथ धाम में मिला 40 हजार रुपये से भरा पर्स, पुलिस ने श्रद्धालु को लौटाई अमानत
घंटाकर्ण मंदिर के पास मिला पर्स, अनाउंसमेंट के बाद मध्य प्रदेश के श्रद्धालु को सौंपा


बदरीनाथ।
बदरीनाथ धाम में घंटाकर्ण मंदिर के समीप पुलिसकर्मियों को 40 हजार रुपये की नकदी से भरा एक पर्स मिला। पुलिसकर्मियों ने ईमानदारी और तत्परता दिखाते हुए पर्स को तत्काल कंट्रोल रूम पहुंचाया। इसके बाद हेड कांस्टेबल विवेक ने माइक के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर पर्स के स्वामी की तलाश शुरू की।
कुछ समय बाद मध्य प्रदेश निवासी श्याम गुर्जर कंट्रोल रूम पहुंचे और पर्स अपना होने की जानकारी दी। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने पर्स में रखी 40 हजार रुपये की नकदी सहित उनकी अमानत सकुशल वापस कर दी। खोया पर्स और नकदी वापस मिलने पर श्याम गुर्जर ने चमोली पुलिस का आभार जताया।
पुलिसकर्मियों की इस पहल से एक बार फिर ईमानदारी, संवेदनशीलता और श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भावना का परिचय मिला। अमानत वापस मिलने पर श्रद्धालु के चेहरे पर भी राहत और खुशी दिखाई दी।



