21वीं सदी के स्वप्नदृष्टा थे राजीव गांधी : राकेश राणा
जयंती पर कांग्रेसजनों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर राजीव गांधी के योगदान को किया याद


नई टिहरी।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सद्भावना दिवस मनाया गया। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा ने कहा कि राजीव गांधी 21वीं सदी के स्वप्नदृष्टा थे, जिन्होंने भारत को आधुनिक, तकनीकी और युवा राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव रखी।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक को बढ़ावा मिला। पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुसर्रफ अली ने कहा कि पंचायती राज को मजबूत करने तथा युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने की दिशा में राजीव गांधी के प्रयास ऐतिहासिक रहे। उन्होंने 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिए जाने को महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, पूर्व पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ममता उनियाल ने राजीव गांधी के विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में योगदान को याद किया। कार्यक्रम में प्रधान लक्ष्मी रावत, गब्बर सिंह रावत, वीरेंद्र दत्त, संतोष आर्या, रमेश गुनसोला, विनीता भट्ट, रीना बिजल्वाण, अनीता शाह, गंगा देवी, मीना पुंडीर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।



