खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण पर राकेश राणा ने जताई नाराजगी
कहा- सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है मामला


हल्द्वानी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश राणा ने इसे सामाजिक समरसता, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
राकेश राणा ने कहा कि खड़गे देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ संवैधानिक पद पर भी हैं। ऐसे में उनके कार्यक्रम के बाद सभा स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण किया जाना न केवल उनका अपमान है, बल्कि जातिगत भेदभाव की मानसिकता को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर किसी स्थान को ‘शुद्ध’ करने की सोच संविधान की मूल भावना के विपरीत है।
राणा ने कहा कि देश को जाति और धर्म के नाम पर विभाजन की राजनीति नहीं, बल्कि भाईचारे, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सामाजिक भेदभाव और असमानता के खिलाफ शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।



