रोटरी क्लब ऋषिकेश दिवाज ने धूमधाम से मनाई हरियाली तीज


ऋषिकेश।
रोटरी क्लब ऋषिकेश दिवाज की अध्यक्ष माधवी गुप्ता के नेतृत्व में हरियाली तीज के अवसर पर तीज उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पारंपरिक गीत-संगीत, मनोरंजक खेलों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आनंद लिया। तीज के पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर आयोजित ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता में ऋतु असूजा को तीज क्वीन चुना गया। क्लब की ओर से उन्हें सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में सचिव रेनू गुप्ता सहित क्लब की अनेक सदस्याएं मौजूद रहीं।
अध्यक्ष माधवी गुप्ता ने कहा कि हरियाली तीज भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एकजुट करने के साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम की सफलता में शुभांगी रैना, तनु जैन, रुचि जैन, राखी सक्सेना, पूनम वर्मा और कनिका जैन का विशेष योगदान रहा। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं देते हुए उत्सव का आनंद लिया।



