Blog

सार्वजनिक शौचालयों और नदी तटों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान

सफाई के साथ कराया पौधरोपण, पर्यावरण मित्रों व नागरिकों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

मुनिकीरेती।

‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत सेवा संकल्प अभियान के पांचवें एवं छठवें दिवस 21 व 22 सितंबर को नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला की टीम ने सार्वजनिक शौचालयों, नदी तटों और कचरा संवेदनशील स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के तहत टेंपो स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, जानकी सेतु सहित विभिन्न घाटों पर स्थित सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान के नेतृत्व में संबंधित कर्मचारियों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान गंगा तट एवं वार्डों में चिन्हित कचरा संवेदनशील स्थलों से कूड़ा और झाड़ियों की सफाई कर पौधरोपण के माध्यम से सौंदर्यीकरण किया गया। पर्यावरण मित्रों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए सार्वजनिक स्थलों, घाटों और नदी तटों को स्वच्छ रखने में जनभागीदारी का आह्वान किया गया। पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के क्रम में चले अभियान में लोगों से कचरा इधर-उधर न फेंकने, सार्वजनिक शौचालयों का जिम्मेदारी से उपयोग करने और ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ घाट, स्वच्छ नगर’ के संकल्प में सहयोग देने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!