Blog
डिजिटल भू-अभिलेख सर्वेक्षण में तेजी लाएं, 30 सितंबर तक पूरा करें कार्य


नई टिहरी।
तहसील प्रतापनगर के चयनित राजस्व ग्राम पणसूत और मुखमालगांव में चल रहे डिजिटल भू-अभिलेख सर्वेक्षण एवं पुनः सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और शेष कार्य को हर हाल में 30 सितंबर तक पूरा करने को कहा। समीक्षा में बताया गया कि पणसूत में करीब 90 प्रतिशत और मुखमालगांव में 43 प्रतिशत सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सर्वेक्षण टीम को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार प्रतापनगर को सर्वेक्षण टीम को आवश्यक राजस्व कार्मिक और सहयोग उपलब्ध कराने तथा कार्य में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों का तत्काल समाधान करने को कहा। साथ ही राजस्व उप निरीक्षकों को सर्वेक्षण टीम के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था टोपोग्राफिकल जियो सॉल्यूशन के प्रतिनिधियों को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रतिदिन की प्रगति की निगरानी करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि डिजिटल भू-अभिलेख तैयार होने से भूमि संबंधी रिकॉर्ड के आधुनिकीकरण, रखरखाव और प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।



