हर घर तिरंगा अभियान के तहत गांव-गांव पहुंची तिरंगा रैली
पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों में जगाया देशभक्ति का जज्बा


सुरखेत।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत के छात्र-छात्राओं ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालय के सेवित गांवों में तिरंगा रैली निकालकर ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। विद्यालय के यूथ एवं ईको क्लब, भारत स्काउट एवं गाइड तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त पहल पर अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने घर-घर पहुंचकर तिरंगा झंडा फहराया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के गढ़वाल मंडल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के लिए 9 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र की एकता और अखंडता के गौरव का पर्व है। अभियान के तहत तिरंगा रैली, देशभक्ति कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, तिरंगे के साथ सेल्फी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
शिक्षकों प्रमोद कुमार रमोला, तपेंद्र बिष्ट, सतीश चंद्र शाह, नीरज कुमार, प्रकाश कैंथोला, दिनेश सिंह बिष्ट एवं विजेता गडोई के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने ग्राम पंचायत रणस्वा, धरासू, मरड़ा, बुरसोली और पालकोट में तिरंगा रैली निकाली। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के घरों पर तिरंगा फहराने के साथ तिरंगे के साथ सेल्फी ली और ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया।



