यूपीआई पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
दून तिराहे पर प्रदर्शन कर सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार की मांग


ऋषिकेश। यूपीआई पर प्रस्तावित नए शुल्क के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दून तिराहे पर प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस रवि थापा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार से डिजिटल भुगतान व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डालने तथा प्रस्तावित शुल्क संबंधी निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यूपीआई आज आम नागरिकों के साथ छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान का प्रमुख माध्यम बन चुका है। ऐसे में शुल्क बढ़ने की स्थिति में छोटे कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को गंभीरता से लिया जाना चाहिए
रवि थापा ने कहा कि चाय की दुकान, सब्जी के ठेले से लेकर छोटे-बड़े कारोबार तक क्यूं आर कोड के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था आम हो चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि डिजिटल भुगतान प्रणाली को सरल, सुलभ और किफायती बनाए रखा जाए तथा छोटे व्यापारियों के हितों का ध्यान रखा जाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने यूपीआई पर अतिरिक्त शुल्क का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।
प्रदर्शन में नैशनल कॉर्डिनेटर सौरभ दूबे, जिला प्रभारी उत्कर्ष वालिया, जिला अध्यक्ष गौरव भारती, विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस रवि थापा, जिला उपाध्यक्ष मयंक पाल, ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, दिव्यांश नेगी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था का विस्तार आम लोगों की सुविधा के लिए हुआ है, इसलिए इसे अतिरिक्त शुल्क के बोझ से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।



