डॉ. राजे नेगी ने नॉर्थ इंडिया कराटे प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित


ऋषिकेश।
श्यामपुर स्थित एक वेडिंग हॉल में रेनबुकई कराटे सोसायटी आईडीपीएल के तत्वावधान में 9वीं नॉर्थ इंडिया कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से आए 200 से अधिक खिलाड़ियों ने काता एवं कुमीते स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योगाचार्य अनूप पुरोहित, समाजसेवी आशुतोष शर्मा, अविनाश सेमल्टी, वीरेन्द्र नौटियाल, डॉ. पुनीत धमीजा, प्रो. राजपाल रावत एवं पार्षद प्रतिनिधि संजय ध्यानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के संयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी व कोच सेंसुई कमल सिंह बिष्ट ने बताया कि बच्चों और युवाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश एवं नॉर्थ इंडिया स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। प्रतियोगिता में ऋषिकेश टीम ने प्रथम तथा हरिपुर कलां टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
डॉ. राजे नेगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीत पदक देती है, लेकिन संघर्ष व्यक्ति को महान बनाता है। उन्होंने कहा कि हार कभी अंत नहीं होती, बल्कि आगे बेहतर करने का अवसर होती है। प्रत्येक खिलाड़ी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निर्णायक मंडल में कोच राहुल कुमार, सचिन, आर्यन शाह, करण, चंदन सिंह, राजेश भंडारी, अनिल गुसाईं, अलका, शिवानी, सार्थक एवं सुग्रीव शामिल रहे।



