Blog

महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला

दून तिराहे पर प्रदर्शन कर बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग

ऋषिकेश।

देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में बुधवार को ऋषिकेश महानगर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दून तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है।

महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी परेशान है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक बोझ महिलाओं को उठाना पड़ रहा है और घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। सरकार को जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

पुष्पा मिश्रा ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों का खर्च बढ़ने से मध्यम एवं गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आम जनता को राहत देने की मांग करते हुए कहा कि महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन में मधु जोशी, उमा ओबेरॉय, रीमा भारद्वाज, इंद्रावती देवी, उर्मिला देवी, जमुना शाह, सीमा अधिकारी, वर्षा, ममता, रेखा, रीता, गीता, अंबिका देवी, राजेश्वरी देवी, स्नेहा राजभर, पलक राव सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!