Blog

नवीन रयाल ने रचा इतिहास, चौथी बार विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में संभालेंगे निर्णायक की भूमिका

अजरबैजान में होने वाली प्रतियोगिता में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, दोगी पट्टी में खुशी की लहर

मुुनिकीरेती।

जनपद टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की दोगी पट्टी स्थित ग्राम नसोगी निवासी नवीन रयाल ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती जगत में देवभूमि का मान बढ़ाया है। नवीन रयाल का चयन अजरबैजान में आयोजित होने वाली संयुक्त विश्व कुश्ती की ग्रैपलिंग विश्व चैंपियनशिप में अंतरराष्ट्रीय निर्णायक के रूप में हुआ है। वह लगातार चौथी बार विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। पहाड़ के छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे नवीन की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव नसोगी, पवाकी देवी और पूरे टिहरी जनपद में खुशी का माहौल है।

पवाकी देवी से शुरू हुआ सफर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा। ग्राम नसोगी में जन्मे नवीन रयाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पवाकी देवी से प्राप्त की। पहाड़ की विषम परिस्थितियों के बीच शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इससे पहले नवीन कजाकिस्तान, सर्बिया और यूनान में आयोजित विश्व कुश्ती प्रतियोगिताओं में निर्णायक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब अजरबैजान में होने वाली आगामी प्रतियोगिता में वह चौथी बार अंतरराष्ट्रीय निर्णायक के रूप में मैदान में उतरेंगे।

नवीन ने अपनी सफलता के लिए क्षेत्रीय सहयोग और प्रोत्साहन को महत्वपूर्ण बताते हुए वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, निरीक्षक रामकिशोर सकलानी सहित दोगी पट्टी की जनता और सभी शुभचिंतकों का आभार जताया। उनकी उपलब्धि को क्षेत्रवासियों ने पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए बधाई दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!