कुत्तों के हमले में 33 भेड़ों की मौत, पशुपालक से मिले दायित्वधारी धीरेंद्र पंवार
पीड़ित परिवार को सांत्वना देकर नियमानुसार मुआवजा और हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा


डोईवाला।
कुड़कावाला नई बस्ती में सोमवार रात कुत्तों के झुंड के हमले में 33 भेड़ों की मौत के बाद मंगलवार को राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त दायित्वधारी धीरेंद्र सिंह पंवार पशुपालक जॉनी के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार से घटना की जानकारी ली और भेड़ों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
पशुपालक जॉनी ने बताया कि उसने अपनी जीवनभर की कमाई भेड़ पालन में लगा रखी थी। एक ही रात में 33 भेड़ों की मौत से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
दायित्वधारी धीरेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। पशुपालक की वर्षों की मेहनत एक रात में समाप्त हो गई। उन्होंने कहा कि पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा और सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी, ताकि प्रभावित परिवार को जल्द राहत मिल सके।



