श्रमिक कल्याण शिविर में 400 निर्माण श्रमिकों को मिली योजनाओं की सौगात
स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षण और स्वच्छता सामग्री का किया गया वितरण


प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर शंभू पासवान रहे मौजूद
ऋषिकेश।
उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) एवं श्रम विभाग की ओर से आशीर्वाद वाटिका, हरिद्वार रोड, निकट पुरानी चुंगी में विशेष श्रमिक कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ऋषिकेश क्षेत्र के करीब 400 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल तथा नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने पात्र श्रमिकों एवं उनके परिजनों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री पोषण सामग्री योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना और मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना के तहत आवश्यक सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि निर्माण श्रमिक प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सरकार श्रमिकों तथा उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पंजीकरण एवं पात्रता के आधार पर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक इन सुविधाओं से वंचित न रहे। महापौर शंभू पासवान ने कहा कि श्रमिक समाज के निर्माण और विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा उनके स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
शिविर में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमिकों को बोर्ड की योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभार्थियों को सामग्री वितरण की प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई। बड़ी संख्या में श्रमिकों और उनके परिजनों ने शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लिया।



