सम्मान सेतु अभियान के तहत ऋषिकेश में महिला जागरूकता शिविर का शुभारंभ
घरेलू हिंसा, पॉक्सो और महिला सशक्तिकरण कानूनों पर जागरूकता अभियान


ऋषिकेश।
ऋषिकेश में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सम्मान सेतु अभियान के तहत एक शिविर का भव्य उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर मुख्य अतिथि और उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए ऋषिकेश पहुंच रहे हैं, जिनमें महिला श्रद्धालुओं की भी भारी भागीदारी है। महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग ने यहां एक विशेष शिविर लगाया है। जिसमे महिलाओं से जुड़े विभिन्न कानूनों जैसे घरेलू हिंसा पोक्सो और महिला सशक्तिकरण की सरकारी नीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके लिए किताबें, साहित्य व वीडियो प्रदर्शित किए गए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से यहां वकीलों और लीगल एक्सपर्ट्स की टीम तैनात की गई है, जो महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सलाह और व्यक्तिगत परामर्श प्रदान कर रही है। कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाली महिला श्रद्धालुओं और स्थानीय महिलाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए आयोग ने विशेष व्यवस्था की है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ऋषिकेश एम्स के साथ टाइअप किया गया है। शिविर में महिला डॉक्टरों की टीम 24 घंटे तत्पर रहेगी।



