26 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
छात्रहित के मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग, समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी


ऋषिकेश।
पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं एवं परिसर के समग्र विकास को लेकर एनएसयूआई ऋषिकेश ने गुरुवार को महानगर अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव के नेतृत्व में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अंबरीश कुमार महाजन को 26 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खेल मैदान को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की स्थापना, कैंटीन निर्माण, एमबीए, एमसीए एवं बीए (योग) जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने, विज्ञान प्रयोगशालाओं के विस्तार, प्लेसमेंट सेल, ऑफलाइन फीस काउंटर, बस-टेम्पो पास सुविधा, छात्रावास, स्मार्ट क्लासरूम, हाई-स्पीड वाई-फाई, सीसीटीवी, एटीएम एवं जन सेवा केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग की गई।
एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि यह ज्ञापन परिसर के हजारों छात्र-छात्राओं की आवाज है। लंबे समय से लंबित समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन केवल मांगें उठाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके समाधान के लिए भी संघर्ष करेगा। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो छात्रहित में लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की भी मांग की।
छात्र नेता मानव रावत ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की पहचान केवल शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं से भी होती है। उन्होंने आधुनिक प्रयोगशालाओं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल सुविधाओं, प्लेसमेंट और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। इस अवसर पर रेहन बंदोलिया, उदित झा, शिवानी नेगी, सृष्टि रमोला, प्रिया, वेदांग भट्ट, अतुल डोभाल, सुंदर, आशीष गुप्ता, आकांक्षा, भव्य सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



